इंदौर। नगर निगम कमिश्नर शिवम वर्मा ने शनिवार को राजकुमार ब्रिज के नीचे स्थित सब्जी मंडी और विश्राम बाग का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने निरीक्षण के दौरान व्यापारियों से चर्चा की और उनसे सुविधाएं और समस्या सुनते हुए, गर्मी के दौरान पीने के पानी, छाया आदि की व्यवस्था करने के संबंध में निर्देश दिए।
कमिश्नर ने रणजीत हनुमान रोड स्थित विश्राम बाग का निरीक्षण भी किया। विश्राम बाग में निर्माणाधीन स्विमिंग पूल में पानी भरा होने पर दुर्घटना की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के लिए चारों तरफ बैरिकेडिंग नहीं होने पर नाराजगी जाहिर कर बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने विश्राम बाग के संचालन और संधारण के लिए कमेटी का गठन करने के संबंध में भी चर्चा की। कमिश्नर ने विश्राम बाग की सुरक्षा को देखते हुए सिक्योरिटी गार्ड लगाने के भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।