नीमच। कृषि उपज मंडी नीमच में बीती शाम असामाजिक तत्वों और गुलाब गैंग द्वारा खुलेआम धारदार हथियार लेकर घुस जाने के विरोध में आज शनिवार को हिंदू जागरण मंच मालवा प्रांत की नीमच इकाई द्वारा तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।
कृषि उपज मंडी कार्यालय में बड़ी संख्या में उपस्थित हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं द्वारा कलेक्टर के नाम दिए गए ज्ञापन में कहा है कि कृषि उपज मंडी में असामाजिक तत्वों का बोलबाला है। मंडी में जमादारी प्रथा चली आ रही है। मंडी में कच्चे हम्मालों का दबदबा है। प्रशासन की नाक के नीचे कृषि उपज मंडी में कई वर्षों से लाल गुलाब गैंग नाम से चोरी का काम हो रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि पुलिस प्रशासन, व्यापारी, नाकेदार, चौकीदार सबको डरा कर लाल गुलाब गैंग काम करती है। इस गैंग के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि यह लोग मंडी सेक्रेटरी और प्रशासन से बेखौफ होकर अपने काम को अंजाम देते हैं।आढ़त प्रथा बंद होने के बावजूद मंडी में आढ़त प्रथा जारी है। किसानों के साथ धोखाधड़ी और माल का कम तोलना आम बात है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि गुलाब गैंग ने चोरी का नया उपाय ढूंढ निकाला है। चुटकी मार कर किसान को बताया जाता है कि तुम्हारे माल का वजन बढ़ा दिया है। किसान बहकावे में आकर माल को उसकी एवज में पैसे दे देता है और वहां माल गोदाम पर ज्यादा उतरता है। जिससे हम्माल व्यापारी से भी पैसे ले आता है। हिंदू जागरण मंच ने ज्ञापन देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।