नीमच। महायोगी गुरु गोरखनाथ महाराज का प्राकट्य उत्सव समस्त नाथ संप्रदाय के अनुयायियों द्वारा 22 और 23 मई को नीमच में उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। बताते चलें कि गुरु गोरखनाथ जी द्वारा मानव कल्याण और योग व सिद्धि मार्ग का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस वर्ष गुरु गोरखनाथ प्राकट्य उत्सव पूरी भव्यता के साथ नीमच में मनाया जा रहा है। कार्यक्रम की श्रृंखला में वात्सल्य भवन में निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह आयोजन हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत आज भव्य शोभा यात्रा और कलश यात्रा टाउन हॉल से प्रारंभ हुई जो कि गांधी भवन, विजय टाकीज चौराहा, कमल चौक, फव्वारा चौक, नया बाजार, पुस्तक बाजार होती हुई पुनः टाउन हॉल पहुंचकर धर्म सभा के रूप में परिवर्तित हो गई। धर्म सभा में गोरखनाथ मंदिर गोरखपुर और कटक उड़ीसा के योगाचार्य महंत योगी शिवनाथ जी महाराज, राज्यसभा सांसद बाल योगी उमेशनाथ जी महाराज, महंत पीर योगी रामनाथ जी, पीठाधीश्वर प्रकाश नाथ जी, हठयोगी सवरनाथ जी महाराज, महंत योगी प्रकाश नाथ जी, महंत योगी कमलनाथ जी का मार्गदर्शन उपस्थित जनों को प्राप्त हुआ। इस दौरान तुलसी विवाह व समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, वरिष्ठ समाजसेवी संतोष चोपड़ा और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।