नीमच। प्रचंड गर्मी के बीच व्याप्त पेयजल संकट को लेकर वॉइस आफ एमपी की टीम ने नीमच के वार्ड नंबर 26 के बंगला नंबर 32 पहुंचकर रहवासियों से चर्चा की। लोक निर्माण सभापति मनोहर मोटवानी के इस वार्ड में पानी की आपूर्ति अनियमित ढंग से हो रही है। पहले यहां 2 दिन में नगर पालिका द्वारा पानी की आपूर्ति की जाती थी,अब चार या पांच दिन में वार्डवासियों को पानी मिल पाता है। जरूरत की तुलना में जितना पानी यहां मिल रहा है, उसे ऊंट के मुंह में जीरे के समान कहा जा सकता है। बहुत कम समय के लिए पानी नलों में आता है। वार्ड वासियों ने बताया कि हमारे द्वारा पेयजल की समस्या के लिए लगातार जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया,लेकिन केवल आश्वासन का लॉलीपॉप पकड़ा दिया जाता है। नगरपालिका के जिम्मेदार लोग ज़रा भी गंभीर नहीं दिखाई देते। वोट मांगने के समय जरूर आते हैं,लेकिन मूलभूत सुविधा पेयजल की समस्या को लेकर कोई खैर खबर नहीं लेता। इधर-उधर से पानी का जुगाड़ करके काम चलाना पड़ रहा है। वार्ड पार्षद और सभापति मनोहर मोटवानी ने वॉइस ऑफ़ एमपी से अपनी चर्चा में ठीकरिया बांध का वही राग अलापा,जिसे नगरपालिका के जिम्मेदार लोग बार-बार दोहराते रहते हैं।