सिंगोली। तहसील क्षेत्र में ग्राम अरनिया से मेंडकेश्वर महादेव तक सड़क निर्माण को मंजूरी मिल गई है, सड़क निर्माण के बाद दुर्गम पहाड़ी के बीच स्थित महादेव मंदिर तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को आसानी होगी।
मध्यप्रदेश और राजस्थान राज्य की सीमा रेखा पर दुर्गम पहाड़ी के बीच स्थित मेंडकेश्वर मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब 40 सालों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है। लेकिन अरनिया से महादेव के बीच पड़ने वाली वन भूमि सड़क निर्माण की स्वीकृति में अड़चने पैदा कर रही थी, अब क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि के सार्थक प्रयासों के चलते सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया। सड़क निर्माण में लगभग 3 हेक्टेयर वन भूमि के उपयोग के लिए वन विभाग ने लोक निर्माण विभाग से 7 बिंदुओं पर सहमति चाही थी, जिसे लोक निर्माण विभाग ने स्वीकार कर लिया। वन विभाग की शर्तों को मान लेने के बाद अब वन क्षेत्र में सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
शुक्रवार देर शाम विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शेष प्रक्रिया पूर्ण होते ही आगामी जून माह में सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस सड़क मार्ग के बन जाने से अब ग्राम धारड़ी से सीधे राजस्थान को जोड़ने वाला एक और रास्ता तैयार हो जाएगा।