नीमच। शहर के उप नगर नीमच सिटी के वार्ड नंबर 3 और 4 का कोर्ट मोहल्ला। यहां जैसे ही वार्ड में पेयजल संकट पर रिपोर्टिंग के लिए वॉइस आफ एमपी की टीम पहुंची तो लोगों का भारी जमावड़ा लग गया। पानी की समस्या पर मोहल्ला वासियों ने जमकर अपना दुखड़ा सुनाया। कोर्ट मोहल्ले में मजदूरी करने वाले और किसानी कार्य करने वाले महिला पुरुष रहते हैं।
उनका कहना था कि दानकी करने और रोजी रोटी कमाने की बजाय हमारा पूरा समय पानी का जुगाड़ करने में ही बर्बाद हो रहा है। ना कमाई हो रही है ना पानी मिल रहा है। कभी 3 दिन तो कभी चार दिन में पानी आता है। 15 से 20 मिनट के लिए पानी आता है। वह भी मटमेला पानी मिल रहा है। पानी सप्लाई का निश्चित समय निर्धारित ना होने के कारण महिलाओं की दिनचर्या अस्त व्यस्त हो गई है। इक्का दुक्का हैंडपंप है,तो उसका पानी टूट रहा है और वह ठीक से काम भी नहीं कर रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों के कानो में जूं नहीं रेंग रही। जिम्मेदार व्यवस्थाओं को लेकर गलतफहमी का शिकार है। लोगों ने यहां तक कहा कि पीने का पानी भी नहीं मिल रहा।हम गरीबों को 25 रूपये के कैम्पर मंगाकर काम चलाना पड़ रहा है। पार्षद रामचंद्र धनगर और पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद हुसैन कारपेंटर ने गोलमोल जवाब देकर कहा कि अल्प वर्षा के कारण यह स्थिति बनी है। थोड़े समय में सब ठीक हो जाएगा।