नीमच। शहर में व्याप्त पेयजल संकट के बीच नगरपालिका के पानी के बुकिंग वाले टैंकर भी समय पर जनता तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। नलों से पानी की सप्लाई समय पर नहीं हो पा रही है,और शुल्क लेकर पानी के टैंकर भी नगरपालिका समय पर नहीं दे पा रही है। पानी की परेशानी को लेकर शहरवासियों में हाहाकार मचा है। ऐसे में अपनी जरूरत के लिए नगरपालिका से पानी के टैंकर बुक कराकर भी अनेक लोग पानी पूर्ति के लिए तैयार है। लेकिन टैंकर बुक कराने और उसकी राशि 165 रुपए जमा कराने के बावजूद पानी के टैंकर लोगों को समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। तीन दिन इंतजार करने के बाद लोगों को पानी का टैंकर मिल रहा है।पानी के प्राइवेट टैंकर की राशि इतनी अधिक है कि आमजन के लिए इसे मंगवाना संभव नहीं है।
नगरपालिका का दावा है कि हमने कुए और ट्यूबवेल अधिग्रहित कर लिए हैं। इनपर मोटरें लगा दी गई है। 15 एमएलडी पानी ठिकरिया बांध से लिया जा रहा है। नगरपालिका की बातों पर यकीन किया जाए तो जलकल विभाग ने अपना काम कर दिया। फिर इन सब के बावजूद शहर की जनता को पानी के टैंकर समय पर उपलब्ध क्यों नहीं हो पा रहे हैं। प्रतिदिन करीब 30 बुकिंग पुरानी नगरपालिका में पानी के लिए परेशान लोग करवा रहे हैं। नगर पालिका के पास 17 टैंकर है। लेकिन टैंकर को ले जाने के लिए केवल तीन ही ट्रैक्टर है।स्पष्ट है परिवहन के लिए पेयजल संकट को देखते हुए कोई ठोस प्रबंध नहीं किए गए। कोई योजना नहीं बनाई गई।अभी भी इस बारे में गंभीर प्रयास नहीं हो रहे है। यदि नगरपालिका वाहनों की परिवहन व्यवस्था दूरदर्शिता के साथ करती तो अपनी गाढ़ी कमाई से रसीद कटवाकर पानी के टैंकर बुक कराने वाली नीमच की जनता को तो पानी समय पर मिल पाता।चौपट परिवहन व्यवस्था के कारण सशुल्क और निशुल्क दोनों तरीके से टैंकर के माध्यम से पानी देने में नगरपालिका नाकाम साबित हो रही है।