नीमच। आज गौरक्षा दल मध्यप्रदेश की नीमच इकाई द्वारा कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर मांग की गई है कि जिले में बनी सभी शासकीय गौशालाओं को तुरंत शुरू किया जाए। साथ ही गौशाला संचालक द्वारा गौरक्षा दल के सदस्यों के साथ की जा रही गाली गलौज और मारपीट करने पर कार्रवाई की जाए। कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर मयूरी जोक को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि जीवन सिंह पिता सावन सिंह राजपूत के साथ राधा कृष्ण गौशाला में बीमार गायों को ले जाने पर सरपंच पति गुलाब सिंह द्वारा इक्यावन सो रुपए की रसीद कटवाने की बात की गई और विवाद किया गया। इसी प्रकार गांव सेमली चंद्रावत में बीमार पड़ी गायों को राधा कृष्ण गौशाला में रखने से मना कर दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि नीमच जिले में वर्तमान में कई शासकीय गौशालाएं बंद पड़ी हुई है। शासकीय गौशालाएं ग्राम पंचायत के अधीन होने के कारण सरपंच मनमानी कर रहे हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि गौशालाओं को अच्छे समाजसेवियों के सुपुर्द कर संचालित करना चाहिए। सरपंचों की मनमानी पर अंकुश लगाया जाए। ज्ञापन में शासकीय गौशालाएं शीघ्र शुरू ना होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन देते समय सोहनलाल छाजेड़, तुलसीराम पाटीदार, महावीर सिंह, भूपेंद्र सिंह, परसराम शर्मा, रमेश बैरागी, मितेश अहीर, अंकित जोशी, टीकम सिंह, विक्रम सिंह, कृष्णपाल सिंह, बलवीर सिंह, गणपत सिंह,जीवन सिंह और बड़ी संख्या में गौ रक्षक मौजूद रहे।