नीमच। समाजसेवी अशोक अरोरा गोली कांड में मुख्य षड्यंत्रकारी के रूप में शामिल अर्पित उर्फ लक्की सिंहल को पुलिस की स्पेशल टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। नीमच सिटी पुलिस ने आरोपी लक्की सिंहल को उसके साथी के साथ कोर्ट में पेश किया। जहां से 7 दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। आगामी 3 जून तक पुलिस लक्की सिंहल से पूछताछ करेगी। इस दौरान आरोपी गोली कांड से जुड़े कई राज उगल सकता है। लक्की सिंहल पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। उस पर धारा 307 के अलावा और भी कई धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
लक्की के साथ अंकित भी चढ़ा हत्थे-
पुलिस ने लक्की के साथ अंकित पिता जगदीश कुमावत निवासी भाटखेड़ा जो कि फिलहाल इंदौर में रहता है उसे भी गिरफ्तार किया है। अंकित ही लक्की सिंहल को संरक्षण दे रहा था। हर तरह की मदद कर रहा था। आर्थिक रूप से फरारी काटने में और गाड़ी वगैरह उपलब्ध करा रहा था। अंकित को भी पुलिस ने लक्की के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया है।
पुलिस को चकमा देने के लिए बदले कई ठिकाने-
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार फरारी के दौरान आरोपी लक्की सिंहल ने कई ठिकाने बदले। पुलिस को चकमा देने के लिए उसने दर्जनों मोबाइल व सीमें भी बदली। इसके अलावा तकनीकी सहायता से वह हर बाद पुलिस को चकमा देता रहा। पुलिस उसकी तलाश में करीब 15 दिन से भागदौड़ कर रही थी।
04 फरवरी को हुआ था जानलेवा हमला-
आपकों बता दें कि शहर के प्रसिद्ध समाजसेवी अशोक अरोरा गंगानगर पर अज्ञात हमलावरों ने 04 फरवरी को जानलेवा हमला कर दिया था। सीआरपीएफ रोड पर स्थित लायंस पार्क चौराहा के समीप हुई फायरिंग की इस घटना में एक हमलावरा मारा गया था। वहीं कई आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसी मामले का मुख्य मास्टर माईंड अर्पित उर्फ लक्की सिंहल फरार चल रहा था।