चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में मंगलवार को उनके कक्ष में सीएसआर समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने एक-एक कर विभिन्न औद्योगिक संस्थानों द्वारा सीएसआर के तहत किए जा रहे विभिन्न कार्यों, गतिविधियों, भविष्य की योजनाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने औद्योगिक संस्थानों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने सर्वप्रथम सभी इकाइयों द्वारा किए जा रहें अच्छे कार्यों को प्रदर्शित करने व संपोषी विकास के आधार पर अपनी इकाई के परिसर के आसपास पूर्ण स्वच्छता व ट्रैफिक आदि को व्यवस्थित रखने तथा भीषण गर्मी को देखते हुए पानी की समुचित व्यवस्था करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने सभी इकाइयों को शहर के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण को समयबद्ध रूप से पूरा करने के साथ ही सी.एस.आर. से संबंधित स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के विक्रय के लिए नियमित साप्ताहिक मेला प्रदर्शनी आयोजन करने हेतु निर्देशित किया। जिला कलक्टर ने सी.एस.आर. इकाइयों को विद्यालयों में इंफ्रा विकास व आंगनबाड़ी केंद्रों के विकास को प्राथमिकता से करने हेतु कहा। बैठक में उपवन संरक्षक विजय शंकर पांडे ने बताया कि वृक्षारोपण हेतु औद्योगिक इकाइयों को लक्ष्य प्रदान किए जाएंगे, जिसकी तैयारी अभी से प्रारंभ कर दें।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर राकेश कुमार, नगर विकास न्यास सचिव राजेश मेवाड़ा, जिला उद्योग केंद्र, रीको, प्रदूषण नियंत्रण मंडल, शिक्षा, महिला बाल विकास, चिकित्सा विभाग के अधिकारी, नलिन पुंगलिया अध्यक्ष चित्तौड़गढ़ मार्बल लघु उद्योग संस्थान, नाथू लाल मालू अध्यक्ष औद्योगिक समूह संस्थान, हिंदुस्तान जिंक, बिरला सीमेंट, वंडर,जे के, अल्ट्राटेक, नुवोको, पावर ग्रिड के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।