चित्तौड़गढ़। जिले के प्रभारी सचिव एवं अध्यक्ष डिस्कॉम एवं प्रबंध निदेशक, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड भानु प्रकाश एटरू ने आज बेंगू पंचायत समिति सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर गर्मी के मौसम में पानी और बिजली संकट के साथ हीटवेव को लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की एवं अधिकारियों को पानी और बिजली की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय करने सहित आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव ने पीने के पानी की उपलब्धता और सप्लाई को लेकर जलदाय विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर जल प्रबंधन करते हुए आमजन और पशु-पक्षियों को पेयजल की समस्या से राहत देने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली संकट को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों को व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा संस्थानों में लू-तापघात के मरीजों के लिए बैड, आवश्यक दवा, जांच सुविधाओं आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, गौशालाओं में पर्याप्त चारा, पानी, छाया आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर आलोक रंजन ने क्षेत्र में पेयजल, बिजली, चिकित्सा के क्षेत्र में किए जा रहे हैं कार्यों की जानकारी प्रभारी सचिव को दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में टैंकरों एवं अन्य पेयजल योजनाओं से की जा रही सप्लाई तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर, रावतभाटा विनोद कुमार मल्होत्रा, उपखंड अधिकारी मनस्वी नरेश, सीएमएचओ डॉ ताराचंद गुप्ता, एवीवीएनएल के एसई एस के सिंह, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनीत कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
प्रभारी सचिव ने उप जिला चिकित्सालय रावतभाटा का किया निरीक्षण-
इससे पूर्व प्रभारी सचिव ने उप जिला चिकित्सालय रावतभाटा का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टाफ, दवाइयों की उपलब्धता, उपकरणों, मशीनों की स्थिति आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने सहित व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।