नीमच। नगर पालिका के माध्यम से बुकिंग किए जाने वाले पानी के टैंकरों की वितरण व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। जिसे लेकर जनता में ज़बरदस्त नाराजगी है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर जलकल सभापति छाया जायसवाल और पार्षद हरगोविंद दीवान ने पुरानी नगर पालिका पहुंचकर छापामार अंदाज़ में औचक निरीक्षण किया।
छाया जायसवाल का कहना है कि हमारे पास कुए और ट्यूबवेल से करीब 50-60 टैंकर प्रतिदिन पानी लेने की व्यवस्था है। जबकि बुकिंग 30 से 35 टैंकर की आती है। इसके बावजूद जनता को टैंकर 4 से 5 दिन में मिल पा रहा है। इसी की जांच करने में यहां पहुंची हूं। पुरानी नगर पालिका में मौजूद जिम्मेदारों ने बताया कि 20 से 25 टैंकर हम लोग पानी बुकिंग वालों को दे पा रहे हैं। तब सवाल उठता है कि जनता रसीद कटवाने और राशि जमा करने के बावजूद टैंकरों के लिए परेशान क्यों है। यहां व्यवस्था परिवहन को भी लेकर प्रभावित हो रही है। जिसकी और कोई योजना के साथ प्रबंध नहीं किया जा रहे है। पानी कहां जा रहा है। जनता को टैंकर क्यों नहीं मिल पा रहे हैं। परिवहन व्यवस्था को लेकर समाधान क्यों नहीं दिया जा रहा। जब डिमांड इतनी ज्यादा है तो केवल तीन ट्रैक्टर से काम क्यों धकाया जा रहा है। जरूरत है तो ट्रैक्टर हायर क्यों नहीं की जा रहे। सवाल जमीनी स्तर पर काम करने का है।