चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश महेन्द्र सिंह सिसोदिया के निर्देशानुसार दिनांक 13 जुलाई 2024 को आयोजित होने वाली इस वर्ष की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु आज दिनांक 31 मई 2024 को न्यायालय परिसर चित्तौड़गढ स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारीगणों के साथ बैठक का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चित्तौड़गढ़ के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार गोयल की अध्यक्षता में किया गया। बैठक के अध्यक्ष एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चित्तौड़गढ के सचिव सुनील कुमार गोयल ने राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों को चिन्हित कर लोक अदालत में राजीनामे से निस्तारित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक में प्रबंधक बैंक शाखा/वित्तीय संस्थान समस्त मुख्यालय, अधीक्षण अभियंता अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वीरेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता जलदाय विभाग कृष्ण गोपाल शर्मा एवं जिला दूरसंचार अधिकारी बीएसएनएल शिवराज मीणा आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। जानकारी देते हुए सचिव सुनील कुमार गोयल ने बताया कि इस वर्ष की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन दिनांक 13.07.2024 को किया जायेगा। जिसमें न्यायालयों में लम्बित एवं प्री लिटीगेशन प्रकरणों का इस लोक अदालत के माध्यम से निस्तारण किया जायेगा। अतः समस्त पक्षकार इस लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों को रखवाकर लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठावें।