चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) चित्तौड़गढ़ महेन्द्र सिंह सिसोदिया के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार गोयल द्वारा विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर सांवलिया हॉस्पिटल परिसर में स्थित जी.एन.एम. प्रशिक्षण केन्द्र में शिविर का आयोजन किया गया। प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल ने शिविर में उपस्थित छात्रों को बताया कि तम्बाकू का सर्वाधिक उपभोग करने से शरीर की हानि के साथ-साथ पर्यावरण की हानि भी होती है। उन्होंने यह भी बताया कि तम्बाकू के सेवन से कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं जैसे हृदय रोग,कैंसर, फेंफड़ों की बीमारी और स्ट्रोक का खतरा रहता है। यही कारण है कि लोगों को इस आदत को छोड़ने में मदद के लिए प्रतिवर्ष 31 मई को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस मनाया जाता है ताकि आमजन को तम्बाकू के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाकर इसे छोड़ने के लिए प्रेरित किया जा सके। उन्होंने शिविर में उपस्थित छात्र-छात्राओं को तम्बाकू का सेवन न करने के लिए दिशा निर्देश दिए एवं शपथ दिलाई कि वे न तो स्वयं तम्बाकू का सेवन करेंगे और न ही किसी को करने देंगे।
इस शिविर के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचंद गुप्ता,डिप्टी सीएमएचओ डॉ. मुकेश,लेखाधिकारी नरेश आर्य, साइकोलॉजिस्ट डॉ. टीना दाधीच, डी.पी.ओ. भरत कुमार शर्मा, ट्रेनिंग सेन्टर के प्राचार्य राकेश कुमार एवं क्षय रोग चिकित्सक डॉ. राकेश भट्नागर आदि अधिकारी उपस्थित थे।