नीमच। लोकसभा निर्वाचन 2024 की मतगणना 4 जून को होनी है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश जैन ने आज एक पत्रकार वार्ता को कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में संबोधित किया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया गया कि नीमच के स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नीमच जिले की तीनों विधानसभा मनासा, नीमच जावद की की मतगणना का कार्य सुबह 8 बजे से प्रारंभ हो जाएगा। मनासा और जावद विधानसभा की मतगणना नवीन भवन में क्रमशः 36 व 33 नंबर कक्ष में होगी। नीमच की मतगणना भूतल के कक्ष एक में होगी। मनासा और नीमच के लिए 18-18 राउंड तथा जावद की मतगणना 16 राउंड में होगी। ईवीएम से गणना के लिए प्रति टेबल एक काउंटिंग सुपरवाइजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट, एक माइक्रो आब्जर्वर होगा। पत्रकार वार्ता में मतगणना हॉल में प्रवेश हेतु हकदार व्यक्ति की जानकारी भी दी गई। गणनास्थल पर त्रिचक्रिय सुरक्षा व्यवस्था होगी। कलेक्टर दिनेश जैन ने मतगणना स्थल पर सुविधाओं और पार्किंग व्यवस्था, मीडिया कर्मियों की सुविधा प्रवेश व्यवस्था और मोबाइल के उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतगणना हाल के बाहर किसी को घूमने की अनुमति नहीं होगी। मीडिया कर्मियों के लिए कॉलेज भवन में रूसा सेंटर पर मीडिया सेंटर बनाया गया है। मीडिया कर्मी मीडिया सेंटर से मोबाइल का उपयोग कर सकेंगे। डाक मतपत्रों की गिनती आरओ मुख्यालय पर की जाएगी। स्ट्रांग रूम से गणना हाल में सीयू, विविपेट और अन्य प्रासंगिक दस्तावेज लाने तथा वापस ले जाने की प्रक्रिया का अबाधित सीसीटीवी कवरेज किया जाएगा। मतगणना के कार्य को लेकर डॉक्टर राजेश पाटीदार ने भी पत्रकारों को निर्वाचन आयोग के निर्देश के बारे में जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव में नीमच जिले में 75 पॉइंट 12 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिसमें नीमच विधानसभा में सर्वाधिक मतदान हुआ है। प्रदेश में मतदान में नीमच जिला पांचवें स्थान पर रहा है। पत्रकार वार्ता के दौरान एडीएम लक्ष्मी गामड़, एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, जिला उप निर्वाचन अधिकारी संजीव साहू भी मौजूद रहे।