नीमच। लोकसभा चुनाव 2024 के तहत आज 01 जून शनिवार को सातवें चरण की वोटिंग खत्म हो गई है। आखिरी चरण की वोटिंग पूरी होने के साथ ही अब अलग-अलग एजेंसियों के एग्जिट पोल आने का दौर भी शुरू हो गया है। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट होता दिख रहा है कि देश व एमपी में किस दल को कितनी सीटें मिलने जा रही है। अब तक सामने आए सभी एजेंसियों के एग्जिट पोल में देश की 542 लोकसभा सीटों में एनडीए 350 पार और इंडिया गठबंधन को 125 में से 150 सीटें मिलती दिख रही है।
एमपी के सभी एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त-
आखिरी चरण की वोटिंग होने के बाद आज अलग-अलग एजेंसियों के एग्जिट पोल सामने आए। इनमें अधिकतर एग्जिट पोल में एमपी में बीजेपी को भारी बढ़त मिलती दिख रही है। एबीपी सी वोटर के एग्जिट पोल में बीजेपी को 28 व कांग्रेस को 01 सीट मिल रही है। वहीं न्यूज 18 नेटवर्क के एग्जिट पोल में भी बीजेपी को 28 व कांग्रेस को 01, जी न्यूज नेटवर्क के एग्जिट पोल में भी बीजेपी को 28 व कांग्रेस को सिर्फ 01 सीट एमपी में मिलती दिखाई दे रही है।
फिर होगा मालवा की मंदसौर सीट पर बीजेपी का कब्जा-
एग्जिट पोल के शुरुआती अनुमान में मध्यप्रदेश में पिछले लोकसभा चुनाव की स्थिति रिपीट होती नजर आ रही है। यानी बीजेपी को 28 सीटें और कांग्रेस को एक सीट मिलने का अनुमान है। इस बार भी मालवा की मंदसौर सीट पर भाजपा प्रत्याशी सुधीर गुप्ता भारी मतों से जीत दर्ज कर दिल्ली जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
एमपी में बीजेपी ने 29 और कांग्रेस ने 27 सीटों पर किस्मत आजमाई-
2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने एमपी की सभी 29 सीटों पर चुनाव लड़ा है, जबकि कांग्रेस ने 27 सीटों पर किस्मत आजमाई है। चार चरणों में हुए मतदान में कुल 66.28 फीसदी वोट पड़े हैं। इस बार के लोकसभा चुनाव में प्रदेश के दो पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और शिवराज सिंह चौहान ने भी चुनाव लड़ा है। एमपी की 6 से 7 सीटें ऐसी है जहां दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला है।
2019 में ये था एमपी में का एग्जिट पोल-
2019 के लोकसभा चुनाव में एग्जिट पोल ऑफ पोल्स में एमपी की 29 सीटों में से 24 पर भाजपा और 5 सीटों पर कांग्रेस की जीत बताई गई थी। हालांकि वोटों की गिनती के बाद बीजेपी के खाते में 28 सीटें आई थीं। जबकि कांग्रेस ने केवल एक सीट छिंदवाड़ा जीती थी।