नीमच। जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली जाट चौकी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा की बड़ी खेप जब्त की है। जबकि डोडाचूरा का परिवहन कर रहा एक आरोपी मौके से भागने में सफल रहा है। वहीं दूसरे आरोपी की दुर्घटना में मौत होने की बात सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रतनगढ़ थाना क्षेत्र की जाट चौकी क्षेत्र में कल शनिवार को पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप वाहन से डोडाचूरा पकड़ा है। यह पिकअप वाहन ग्वालियरकलां रूट से होते हुए भीलवाड़ा की तरफ जा रहा था। पुलिस को पीछे आता देख चालक ने बचने के लिए पिकअप वाहन को जंगल में उतार दिया था। जहां उबड़-खाबड़ रास्ता होने की वजह से उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में ड्राइवर साइड पर बैठे व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि कंडेक्टर साइड पर पर बैठा आरोपी मौके से भागने में सफल रहा है। मृतक व्यक्ति की पहचान भेरूलाल जयगर उम्र 43 शंकरगढ़ जिला भीलवाड़ा के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। आरजे पासिंग पिकअप वाहन की तलाशी में पुलिस ने 16 कट्टों में भरा करीब 320 किलो डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामला जांच में लिया है। वहीं फरार आरोपी की भी तलाश की जा रही है।