नीमच। लोकसभा चुनाव 2024 के तहत 4 जून को मतगणना होगी। मतगणना से पहले आज रविवार को लोकसभा निर्वाचन को लेकर नीमच जिले के मतगणना स्थल स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पर आज विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
निर्दलीय प्रत्याशी सुशील जैन ने स्ट्रांग रूम परिसर में अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर आपत्ति लेते हुए उच्च अधिकारियों को शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कांग्रेस के लोग भी मौके पर पहुंचे और आपत्ति दर्ज कराते हुए शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना था कि एक व्यक्ति जो कि अपने आप को बीएसएनल का कर्मचारी बता रहा है, वह अनाधिकृत रूप से बिना प्रविष्टि के स्ट्रांग रूम के पास बने कमरे में कंप्यूटर के साथ देखा गया है, जिसे लेकर आशंका का माहौल निर्मित हो गया। शिकायत मिलते ही जिला निर्वाचन और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और शंकाओं पर विराम लगाया। एसडीएम ने बताया कि स्ट्रांग रूम की कड़ी सुरक्षा की जा रही है। बीएसएनएल के कर्मचारी ने स्ट्रांग रूप नहीं बल्कि दूसरे कक्ष में प्रवेश किया था। वह नेटवर्किंग की टेस्टिंग कर रहा था। वह अधिकृत रूप से ही दाखिल हुआ था। सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जा रही है।