चित्तौड़गढ़। सर्व हिंदू समाज और राष्ट्रीय महाकाल सेना के तत्वाधान में आयोजित भव्य भजन संध्या साधु-संतों के सानिध्य में सैंकड़ों भक्तों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। आयोजन से जुड़े ऋतिक ओझा ने बताया कि रविवार को राष्ट्रीय महाकाल सेना के संस्थापक दिगम्बर खुशाल भारती महाराज का चित्तौड़गढ़ में प्रवेश पर भव्य स्वागत किया गया इसके पश्चात् सैंकड़ों श्रद्धालुओं के साथ वाहन रैली के रूप में विभिन्न मार्गों से कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे। संत का शहर के कईं मुख्य चौराहों पर भव्य आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत हुआ। भजन संध्या में श्री मंडफिया सांवरिया सेठ का मुख्य आतिथ्य व खाटुश्याम बाबा का दरबार आमंत्रित भक्तों के लिए आकर्षण का केन्द्र रहा। कार्यक्रम में संस्थापक संत सहित राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोकगिरी महाराज, राष्ट्रीय संरक्षक चन्द्रभारती महाराज, कईं राष्ट्रीय संतों सहित विदेशी संतों का उद्बोधन रहा। संचालन राष्ट्रीय महाकाल सेना के शिल्पन साहू ने किया।
सम्पूर्ण भगवामय पांडाल में राज्य स्तरीय कलाकारों की भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति में कईं जनप्रतिनिधियों ने भी दिगम्बर संत का आशीर्वाद लिया। अंत में भूपेन्द्र काबरा व रितलेश बामनिया ने सभी का आभार जताया। भजन संध्या के पश्चात् महाप्रसाद का कार्यक्रम हुआ।