भोपाल। विश्व पर्यावरण दिवस पर भोपाल में विभिन्न संगठनों ने पौधारोपण किया और लोगों को इस साल तेज गर्मी के कारणों की जानकारी दी। एसआरएफ फाउंडेशन ने ग्रामीण शिक्षा कार्यक्रम के तहत सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायपुर और सूखी सेवनिया में नुक्कड़ नाटक कर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरुक किया। रायपुर स्कूल के प्रधानाचार्य सुदेश शर्मा ने पौधारोपण किया और विद्यार्थियों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।
सरकारी उमावि सूखी सेवनिया में शिक्षकों और सीएसी ने पौधारोपण किया। उन्होंने वन के महत्व के बारे में छात्रों को बताया। इसके अलावा फाउंडेशन के कार्यक्रम अधिकारी सत्यम पांडेय ने बच्चों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बढ़ती गर्मी के कारणों पर छात्रों से चर्चा की गई। जिसमें कहा गया कि हम ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर पर्यावरण को बचा सकते हैं। इसके लिए हमें हमेशा तत्पर रहना चाहिए। हमें कचरा इधर-उधर नहीं फेंकना चाहिए।
सरकारी माध्यमिक विद्यालय लांबाखेड़ा, निपानिया जाट, बीनापुर, बरखेड़ी अब्दुल्ला एवं सरकारी उमावि बालमपुर में भी पर्यावरण दिवस मनाया गया। जहां प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं छात्रों ने पौधे लगाए और सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। इस कार्यक्रम में अर्जुन मीना सहित अन्य मौजूद थे।