चित्तौड़गढ़। महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष में 9 जून को महाराणा प्रताप जन्मोत्सव समिति के तत्वाधान में भव्य रैली निकाली जाएगी जो इंदिरा गांधी स्टेडियम से दोपहर 1 बजे प्रारंभ होगी और विभिन्न मार्गों से होते हुए दुर्ग स्थित फतहप्रकाश प्रांगण पहुँचेगी। जहाँ पर आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य इन्द्रेश कुमार का उद्बोधन होगा।
कार्यक्रम के सोशल मीडिया प्रमुख अमन गौड़ ने बताया कि इस निमित समिति ने बैठक कर जिम्मेदारी सौंपी। बैठक की अध्यक्षता विभाग संघ चालक हेमंत जैन ने की। बैठक कार्यक्रम संयोजक धर्मपाल गोयल ने ली।
बैठक में हेमंत जैन ने सम्बोधित करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप हमारी आस्था का केन्द्र है और इसे जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
समिति से जुड़े मुकेश नाहटा ने बताया कि महाराणा प्रताप की 485वीं जयंती को लेकर कार्यक्रमों की तैयारियों की आयोजित बैठक में कार्यक्रम संयोजक धर्मपाल गोयल ने जल व्यवस्था, स्टेडियम व्यवस्था, वाहन रैली संचालन, पार्किंग, भोजन, वितरण, मंच, टेंट, लाईट, साज-सज्जा, स्वागत द्वार, चिकित्सा आदि व्यवस्थाओं को लेकर अलग अलग संगठनों को जिम्मेदारी सौंपी और कहा कि महाराणा प्रताप के इस जन-जन के कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को भव्य बनाना सुनिश्चित करावें।
बैठक में विहिप, हिन्दू जागरण मंच, अभाविप, बजरंग दल, भामसं, सेवा भारती, विद्या भारती, सेविका समिति, लघु उद्योग भारती, अभिभाषक संघ, दुर्गा वाहिनी सहित कईं सामाजिक संगठन, धार्मिक उपस्थित रहे।