निम्बाहेड़ा। गुरुवार को आदर्श कॉलोनी स्थित जैन दिवाकर भवन में आयोजित एक रक्तदान शिविर कार्यक्रम में सम्मिलित होकर प्रस्थान के दौरान वहां से गुजर रहे नर्सिंग कॉलेज के छात्र छात्राओं के दल ने पूर्व मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी से भेंट की। इस अवसर पर विधायक कृपलानी ने उनके शिक्षण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इस पर नर्सिंग छात्र छात्राओं ने विधायक कृपलानी से नर्सिंग कॉलेज एवं हॉस्टल के निर्माण से सम्बंधित जानकारी चाही, जिस पर विधायक कृपलानी ने उन्हें आश्वस्त किया कि भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा और अगले सत्र से पूर्व इसका कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा। इस पर नर्सिंग छात्र एवं छात्राओं ने विधायक कृपलानी के प्रति आभार जताया।
इस दौरान पूर्व विधायक अशोक नवलखा, भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, भाजपा ओबीसी प्रकोष्ठ प्रदेश मंत्री एवं जिप सदस्य गब्बर सिंह अहीर, नगर महामंत्री देवकरण समदानी, कमलेश बनवार, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष महेंद्र जाखड़, नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी आदि भाजपा नेता मौजूद रहे।