भोपाल। लेखा परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सहायक (बाबुओं) को संभागीय लेखापाल नहीं बनाने, एरियर राशि, समयमान वेतनमान, कार्यभारित कर्मचारियों को पेंशन और स्थाईकर्मियों को वेतनवृद्धि नहीं दिए जाने से नाराज हाउसिंग बोर्ड के कर्मचारियों ने शुक्रवार को पर्यावास भवन में गेट मीटिंग कर 15 दिन में मांगें पूरी करने को कहा है। ऐसा नहीं करने पर चरणबद्ध आंदोलन चलाने की चेतावनी दी है।
हाउसिंग बोर्ड कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बलवंत रघुवंशी और कार्यवाहक अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता ने कहा कि कर्मचारियों के प्रति हाउसिंग बोर्ड प्रशासन का रवैया तानाशाही पूर्ण है। उन्होंने बताया कि सभी मुद्दों पर बार-बार वरिष्ठ अधिकारियों से बात हो चुकी है, पर मांगें पूरी नहीं हो रही हैं। इसलिए अब 15 दिन का समय दिया है। अब भी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन किया जाएगा।
गेट मीटिंग में कर्मचारी संघ प्रदेश अध्यक्ष बलवंत सिंह रघुवंशी, कार्यवाहक अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता, महामंत्री प्रहलाद श्रीवास्तव, मंदसौर के रिपुदमन सिंह चंद्रावत, धार के मनीष कुंटे, इंदौर के पंकज करंजीकर, गोकरण नाथ, वासुदेव रामचंदानी, देवेन्द्र सिंह ठाकुर, ज्योति धराड़े, छाया दमाडे, शोभा रावत, दर्शना सक्सेना, प्रभा जावलकर, राकेश चंद्रवंशी, सजी जोन सहित अनेक कर्मचारी-अधिकारी उपस्थित रहे।