नीमच। आज सुबह सार्वजनिक स्थल पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष और पार्षद प्रतिनिधि मोनू लोक्स और स्वास्थ्य अधिकारी घनश्याम नागदा के बीच जमकर तूं तूं मैं मैं हो गई। फोन ना उठाने की बात को लेकर मोनू लोक्स ने घनश्याम नागदा को नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा की मौजूदगी में खूब खरी खोटी सुनाई।
दरअसल नीमच की पंचवटी कॉलोनी के समीप चौतन्य बालाजी मंदिर के सामने स्थित नाले की सफाई का कार्य चल रहा था। तभी मोनू लोक्स यहां पहुंचे और आते ही घनश्याम नागदा पर फोन ना उठाने की बात को लेकर बरस पड़े। मोनू लोक्स कह रहे थे कि स्वास्थ्य अधिकारी घनश्याम नागदा वार्ड वासियों और जनता के काम के लिए मेरे द्वारा किए गए फ़ोन नहीं उठाते। अभी भी मैंने करीब 14 फोन किये, लेकिन फोन नहीं उठाया। इसी चिल्ला पौ में बात बढ़ गई। वंदना खंडेलवाल, रूपेंद्र लोक्स, आलोक सोनी, पर्यावरण संस्था के प्रतिनिधि, अधिकारियों और आम जनता की उपस्थिति में दोनों के बीच जमकर बहस हो गई।
मोनू लोक्स यह कहते हुए भी नजर आए कि क्या नगर पालिका अध्यक्ष ने आपको हमारा फोन उठाने के लिए मना कर रखा है? इसी दौरान नगर पालिका अधिकारी टेकचंद बुनकर और एक वरिष्ठ नागरिक के बीच में भी कार्य प्रणाली को लेकर बहस होती देखी गई।