भोपाल। प्रदेश कांग्रेस और युवा कांग्रेस सोमवार को अलग-अलग बैठक कर लोकसभा चुनाव में मिली हार की समीक्षा करेगी। साथ ही, चुनाव प्रचार और अन्य जिम्मेदारियों पर लापरवाही बरतने वाले नेताओं और पदाधिकारियों पर भी एक्शन लिया जा सकता है। बैठक में प्रदेश कांग्रेस द्वारा बनाई गई कमेटी की रिपोर्ट पेश की जाएगी।
दो दिन पहले दिल्ली में हुआ रिव्यू
दो दिन पहले दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने लोकसभा चुनाव परिणामों की समीक्षा की थी। इसमें हार के कारणों पर चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी दिल्ली में हुई बैठक में हुए फैसले के आधार पर आगामी रणनीति पर कांग्रेसजनों से चर्चा करेंगे। पार्टी की आगामी कार्ययोजना पर अमल के लिए कहा जाएगा।
बैठक में पार्टी के काम को लेकर गंभीरता न बरतने वाले नेताओं को साइड लाइन किए जाने और नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने पर भी निर्णय हो सकता है। बताया जाता है कि बैठक में बाला बच्चन की अध्यक्षता में बनी नौ सदस्यीय कमेटी की रिपोर्ट भी पेश होगी इसमें चुनाव संबंधी गतिविधियों को लेकर जानकारी जुटाने टीम बनाई गई थी। कमेटी में बाला बच्चन के अलावा सोहन लाल बाल्मीकि, फूल सिंह बरैया, झूमा सोलंकी, नारायण, प्रदीप अहिरवार समेत नौ लोग शामिल हैं।
बैठक के एजेंडे में इन मुद्दों पर भी चर्चा
लाड़ली बहना का इफेक्ट महिला कांग्रेस क्यों नहीं पकड़ पाई। जिनकी जिम्मेदारी पोलिंग बूथ में बैठने की थी वह पोलिंग पर उपस्थिति क्यों नहीं बता पाए। एनएसयूआई का काम कालेज में यूनिट विस्तार करना था, तो वह क्यों नहीं कर पाई। पूर्व नेता प्रतिपक्ष कर चुके विरोध
प्रदेश में कांग्रेस की हार के बाद पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पर जिम्मेदारी तय करने की बात कह चुके हैं। अजय सिंह ने कहा है कि जब उनके नेता प्रतिपक्ष रहते पार्टी का परफॉर्मेंस कमजोर रहा था, तो उन्होंने इस्तीफा दिया था। अब इतनी बुरी हार मिली है, तो जिम्मेदारी तय होना चाहिए। केंद्रीय नेतृत्व को इस पर फैसला करना चाहिए। उधर, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि जीतू पटवारी को अभी छह महीने का ही समय मिला है। सभी को हार के कारणों का विश्लेषण करना होगा। पार्टी की मजबूती के लिए काम करना होगा।
युवक कांग्रेस भी करेगा समीक्षा, काम न करने वालों को चेताएंगे
सोमवार को कांग्रेस की युवा विंग भी चुनाव में हार की समीक्षा करेगी। बैठक में युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र सिंह की मौजूदगी में जिलों के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में आगामी कार्य योजना के आधार पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने के साथ काम नहीं करने वालों के नाम सार्वजनिक किए जा सकते हैं।