टीकमगढ़। अतिथि शिक्षक संघ ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट दफ्तर में प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप लगाते हुए नियमितीकरण की मांग की। इस दौरान उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, पढे़ खबर
अतिथि शिक्षक संघ के जिला संयोजक अजित जैन ने कहा कि मप्र के सभी जिलों में लगभग 72500 अतिथि शिक्षक पिछले सोलह वर्षों से बहुत ही अल्प मानदेय पर सेवाएं देते आ रहे हैं। अब शिक्षकीय कार्य के अलावा अन्य कोई काम करने की स्थिति में नहीं हैं।
कई जिलों में अतिथि शिक्षकों को सेवा से पृथक किया जा रहा है। जो अत्यंत दुख का विषय है। प्रदेश सरकार नई-नई नीतियां बनाकर अतिथि शिक्षकों को बाहर करने का रास्ता निकाल रही है। ऐसी स्थिति में सालों से स्कूलों में नियुक्त अतिथि शिक्षक रोजी-रोटी के लिए दर-दर भटक रहे हैं। आर्थिक तंगी के कारण कई अतिथि शिक्षक आत्महत्या कर चुके हैं।
अतिथि शिक्षकों का भविष्य सुरक्षित करें
प्रदर्शन के दौरान अतिथि शिक्षकों ने कहा कि कोई स्थाई नीति बनाकर अतिथि शिक्षकों का भविष्य सुरक्षित किया जाए। साथ ही अन्य समस्याओं का जल्द निराकरण करें। इस दौरान उन्होंने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अतिथि शिक्षकों को उनका हक दिलाने का वादा किया था, लेकिन अब वे अपना वादा भूल गए।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
अतिथि शिक्षक संघ ने नियमितीकरण सहित अन्य मांगों को लेकर आज कलेक्टर दफ्तर में मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेश भर में प्रदर्शन करेंगे।