नीमच। शहर में डॉग बाइट के मामले लगातार बढ़ रहे है। शहर की जनता कुत्तों के आतंक से परेशान है। नगरपालिका के जिम्मेदारों के पास जनता को कुत्तों के खौफ से निजात दिलाने का कोई उपाय नहीं सूझ रहा। अब इस समस्या से पार पाने के उपाय पर मंथन करने के लिए कलेक्ट्रेट में एक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में कलेक्टर दिनेश जैन, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, एडीएम लक्ष्मी गामड़, सभापति धर्मेश पुरोहित, वंदना खंडेलवाल, नीरज अहीर, अशोक जोशी, सीएमओ प्रभारी चंद्र सिंह धुर्वे, नगर पालिका के अधिकारी आदि मौजूद रहे। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने मीडिया से चर्चा में फिर पशु क्रूरता अधिनियम का हवाला दिया।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में कुत्तों की नसबंदी के कार्य को व्यवस्थित ढंग से अंजाम दिया जाएगा। तीन-चार कमरों की व्यवस्था कर वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में कलेक्टर दिनेश जैन का मार्गदर्शन भी हमें प्राप्त हुआ है। इस समस्या के समाधान के लिए एक टीम का गठन भी किया जाएगा। बताते चलें कि नीमच शहर में कुत्तों के काटने की घटना से लोगों में भय का वातावरण व्याप्त है। खासकर महिलाएं और बच्चे आवारा कुत्तों के दिल दहला देने वाले हमलों से सहमे हुए हैं।