भोपाल। गो वंश तस्करी के विरोध में विश्व हिंदू परिषद ने सोमवार को कलेक्टर परिसर के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही सीएम के नाम ज्ञापन भी सौंपा। विहिप के गोरक्षा प्रमुख योगेश होलानी ने बताया कि पिछले दिनों पिपलिया मंडी से 47 ट्रक गो वंश बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सहयोग से जब्त किए थे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मप्र में गो वंश की तस्करी कर गो वंश को महाराष्ट्र व बंगाल ले जा रहे। नियम की अवहेलना कर तस्कर सक्रिय है।
उन्होंने ज्ञापन में मांग की है कि अवैध पशु बाजार मेला बंद किया जाएगा। जिस थाना क्षेत्र में तस्करी होती है तो थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित किया जाए। एक से अधिक बार वाहन गो तस्करी करते पकड़े जाने पर राजसात की कार्रवाई की जाए। संजीवनी पशु एम्बुलेंस को गो वंश के लिए 150 रुपए शुल्क से मुक्त रखा जाए। खेत की मेड़ पर लगने वाले झटका मशीन पर प्रतिबंध लगाया जाए। गो तस्करी रोकने में अंग विहीन होने पर गो भक्तों को गो सेवक सम्मान दिया जाए एवं परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी दी जाए। गो शाला की भूमि आवंटन प्रक्रिया सरल कर तुरंत भूमि आवंटन की जाए। गो शाला को 5 हॉर्स पावर का विद्युत कनेक्शन मुक्त किया जाए।
जन भागीदारी से गो शाला का निर्माण कार्य की अनुमति हो। स्वयं सेवी संस्थाओं को मनरेगा से मजदूर सेवक दिया जाए। गोचर भूमि अतिक्रमण मुक्त की जाए। प्रत्येक गो पालक जो घर में गो माता की सेवा करता है उसे प्रतीक गाय के हिसाब से प्रतिमाह 1200 व गोवंदन राशि दी जाए। पकड़े गए गो वंश के लिए उत्तराखंड गो वन संरक्षण अधिनियम 2007 के नियम लागू किया जाए। प्रचार प्रमुख गन्नी चौकसे ने बताया कि ज्ञापन प्रदर्शन में मुख्य रूप अभिषेक उदेनिया, संजय चौहान, प्रवीण दरकार, दीपक साहू, पारस जैन, दीपक जोशी, गीता पवार, मोनिका शर्मा एवं बड़ी संख्या में सामाजिक संगठन गो भक्त संगठन, विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ में मातृशक्तियां उपस्थित रही।