नीमच। जिले के रामपुरा से खिमला ब्लॉक के किसानों ने आज कलेक्टर दिनेश जैन से मुलाकात कर ग्रीनको कंपनी द्वारा किए गए समझौते से मुकर जाने के संबंध में शिकायत की। इस संबंध में दिए गए लिखित आवेदन में कहा गया है कि लगभग 2 वर्ष पूर्व खिमला ब्लॉक के किसानों के द्वारा ग्रीन को कंपनी के विरुद्ध धरना प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद ग्रीन को कंपनी ने खिमला ब्लॉक के किसानों के साथ एक समझौता किया था। समझौते में यह तय हुआ था कि खिमला ब्लॉक के किसानों की जमीन कंपनी और ग्रामीणों द्वारा एक कीमत तय करके खरीदी जाएगी। आदिवासी और पट्टे से प्राप्त किसानों की कृषि भूमियों को व अन्य किसानों की कृषि भूमियों को कंपनी के द्वारा समाज मूल्य पर खरीदा जाएगा।
खिमला ब्लॉक के किसानों को कंपनी में योग्यता अनुसार कार्य दिया जाएगा। खिमला ब्लॉक के किसानों के वाहन ग्रीन को कंपनी में उपयोग में लिए जाएंगे। जिससे खिमला ब्लॉक के किसानों और रहवासियों को रोजगार प्राप्त हो सके। लेकिन बाद में किसान और पट्टों से प्राप्त किसानों की कृषि भूमि व अन्य किसानों की कृषि भूमियों के मूल्य में बहुत बड़ी असमानता आ रही है। साथ ही ग्रीन को कंपनी द्वारा समझौते के अनुसार किसी भी बात का पालन नहीं किया गया। आवेदन में यह भी कहा गया है कि जो पट्टे शासन द्वारा खिमला ब्लॉक के किसानों को मकान बनाने के लिए आवंटित किए गए थे उन पट्टों को ग्रीन को कंपनी और मौज पटवारी ने षड्यंत्र करके अन्य स्थानों पर दर्शा दिए हैं। आवेदन में किसानों ने कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है।