खरगोन। कर्मचारियों की समस्याओं को कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं को सुनने और उनके निराकरण के लिए परामर्शदात्री बैठक का आयोजन किया जाता है। बुधवार को सीएमएचओ कार्यालय में इस बैठक का आयोजन किया। कर्मचारियों को सूचना पत्र जारी कर आमंत्रित किया गया था। दोपहर में कर्मचारी जब सीएमएचओ कार्यालय पहुंचे तो यहां सीएमएचओ अनुपस्थित मिले। इस पर कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने आपत्ति दर्ज कराते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया। कर्मचारी संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों को अपने- अपने कार्यक्षेत्र में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है, परामर्शदात्री बैठक में इन समस्याओं को रखना था, लेकिन जब अफसर ही मौजूद नही थे तो इन समस्याओं का निराकरण कैसे होगा। कर्मचारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब हमें समय देकर आमंत्रित किया था तो अधिकारी को मौजूद रहना था। यह शासन के नियमों की अनदेखी के साथ ही कर्मचारियों के प्रति उदासीन रवैये की श्रेणी में आता है।