जबलपुर। पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा की आज से मध्यप्रदेश में शुरुआत हो गई है। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरी झंडी दिखाकर भोपाल-सिंगरौली वाया जबलपुर की शुरुआत की। गुरुवार को डुमना एयरपोर्ट पहुंचने पर एयर टैक्सी का भव्य स्वागत किया। पहली बार पायलट, को-पायलट के अलावा छह यात्रियों को लेकर जबलपुर पहुंची फ्लाइट का वाटर कैनन से स्वागत किया गया।
भोपाल से जबलपुर पहुंचे यात्रियों में सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह भी शामिल रहे। जबलपुर में कुछ देर रुकने के बाद फ्लाइट रीवा के लिए रवाना हो गई, जिसे लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जबलपुर से चार यात्रियों को लेकर एयर टैक्सी रीवा के लिए रवाना हुई।
जबलपुर डुमना एयरपोर्ट पर राजनेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में फ्लाइट का वाटर कैनन से स्वागत किया, इस दौरान लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, विधायक संतोष बरकड़े,महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु एवं नीरज सिंह, मध्यप्रदेश तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष रवि करण साहू, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन मौजूद थे। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने पीएम श्री पर्यटन वायुसेवा के विमान को डुमना एयरपोर्ट से हरी झंडी दिखाकर रीवा रवाना किया।
पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा की शुरुआत को लेकर विधायक संतोष बरकड़े ने बताया कि इस कार्य के लिए पीएम की मंशा अनुरूप किया गया है। उन्होंने बताया कि एक मध्यमवर्गीय परिवार वालों का जो सपना हवाई यात्रा का था, वो भी अब पूरा हो रहा है। एयर टैक्सी चलने से ना सिर्फ लोगों को अब अधिक से अधिक सुविधा मिलेगी, बल्कि समय की बचत भी होगी। विधायक ने बताया कि शुरुआत में भी अभी आठ बड़े शहरों को इससे जोड़ा गया है, आगे और भी शहरों को पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा का लाभ मिलेगा। कुल मिलाकर 32 शहर पीएम श्री वायु सेवा से जुड़गें।