नीमच। बीते दिनों नीमच जिले के मनासा में एक दुकानदार द्वारा युवती से दुष्कर्म करने के मामले में समाजजनों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। परिवार जनों का आरोप है कि पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी विनोद शर्मा के खिलाफ प्रकरण तो दर्ज कर लिया है, लेकिन राजनीतिक संरक्षण के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहा है। समाजजनों ने इस मामले में जिले के पुलिस कप्तान को ज्ञापन सौंप कहा है कि रसूखदार लोगों के चलते आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। बड़ी संख्या में मौजूद समाजजनों की मांग है कि इस मामले में पुलिस जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई करें अन्यथा समाजजन आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।