देवास। बागली विधानसभा के अंतर्गत आने वाले मातमौर गांव के रहवासी गुरुवार को देवास पहुंचे और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम विभिन्न मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया।
पीड़ित रहवासियों ने बताया कि राष्ट्रीय मार्ग इंदौर-बैतूल निकल रहा है। जिसकी वजह से अनुसूचित जाति व जनजाति व अन्य पिछड़ावर्ग के करीब 21 मकान अधिग्रहित किए जा रहे हैं। रहवासियों ने मांग की है कि उन्हें शासकीय भूमि का आवंटन उचित मुआवजा व पीएम आवास योजना के अंतर्गत मकान दिलाए जाए।
देवेन्द्र पवार विधानसभा प्रभारी बागली बहुजन समाज पार्टी ने बताया कि हम सब मातमौर वार्ड क्रमांक 14 के रहवासी कलेक्टर के पास पहुंचे थे। हमने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन दिया है। जिसमें मांग की गई है कि मातमौर में नेशनल हाईवे निकल रहा है। जिसमें करीब 21 से 22 परिवार के लोगों के मकान तोड़े जा रहे हैं, जो सभी गरीब व मजदूर वर्ग से आते हैं।
मुआवजा इतना भी नहीं दे पा रहे हैं कि एक शौचालय का निर्माण हो सके। हमारी शासन प्रशासन से यह मांग है कि जितने भी लोगों के मकान तोड़े जा रहे है। उनको उचित मुआवजा दिया जाए। मातमौर में जो शासकीय भूमि है वहां इन्हें पट्टे दिए जाए। कलेक्टर साहब ने हमें आश्वासन दिया है कि हम बरसात के मौसम में हम गरीब वर्ग को परेशान नहीं होने देंगे।