कटनी। प्रदेश में नर्सिंग कॉलेज घोटोले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाने की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। साथ ही राज्यपाल के नाम पर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि मध्यप्रदेश में नर्सिंग कॉलेज की मान्यता संबंधी बड़ा घोटाला हुआ है, जिसमें अस्तित्वहीन नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता, नर्सिंग कॉलेज से संबंधित छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ किए जाने की घटना उजागर हुई है।
इस घोटाले में मध्यप्रदेश के छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है। नर्सिंग घोटाले में प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के कार्यकाल की घटनाएं उजागर हुई हैं, जिसके लिए मंत्री विश्वास सारंग सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि मंत्री आज भी अपने पद पर काबिज हैं।
नर्सिंग कॉलेज घोटाले में चिकित्सा शिक्षा विभाग के मुख्य अपर सचिव मोहम्मद सुलेमान, तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा आयुक्त निशांत बरबडे सहित कई अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों की संलिप्तता उजागर हो रही है। ऐसी स्थिति में प्रदेश में छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों सहित आम जनता में नाराजगी है। ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रदेश में हुए नर्सिंग घोटाले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष करण सिंह चौहान, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष मिथलेश जैन, पूर्व विधायक सौरभ सिंह, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ठाकुर गुमान सिंह, जिला कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष पंकज गौतम, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष रजनी वर्मा, कांग्रेस नेता राकेश जैन, कांग्रेस नेता शिवकुमार यादव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमल पांडे मौजूद रहे।