मनासा। नारायण सेवा संस्थान, मनासा द्वारा रक्तदाता क्लब के सहयोग से रविवार को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सेवा, समर्पण और मानवता को समर्पित इस पुनीत अभियान में 80 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, समाजसेवियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रामस्नेही संप्रदाय के पूज्य संत श्री दिग्विजय जी महाराज के पावन सानिध्य में हुआ। शिविर में पहुंचे श्रद्धालुओं एवं रक्तदाताओं ने संत श्री के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा राष्ट्र और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने नारायण सेवा संस्थान और रक्तदाता क्लब की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम को मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व महामंत्री मंगेश संघई ने भी संबोधित किया। उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
शिविर में नगर परिषद मनासा के अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय तिवारी, नगर परिषद रामपुरा के अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र जागीरदार तथा समाजसेवी चंद्रशेखर पालीवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
शिविर में महिला एवं पुरुष रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। पूरे आयोजन के दौरान सेवा और समर्पण का भाव देखने को मिला। नारायण सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश रावत ने किया, जबकि अंत में नारायण सेवा संस्थान परिवार के अध्यक्ष अनिल सराड़ा ने सभी का आभार व्यक्त किया। शिविर ने मनासा में मानव सेवा और सामाजिक सहभागिता का प्रेरक संदेश दिया।