शाजापुर। महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के तहत थाना सुनेरा पुलिस ने दुष्कर्म के एक आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना सुनेरा पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना सुनेरा में अपराध क्रमांक 194/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 74, 75(1)(प), 77, 331(4) एवं 351(3) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को पीड़िता ने थाना सुनेरा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि भिलवाड़िया निवासी छोटू उर्फ वीरेन्द्र सिंह राजपूत ने उसके साथ दुष्कर्म किया तथा घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित मुकाती के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी छोटू उर्फ वीरेन्द्र सिंह राजपूत (35 वर्ष), निवासी भिलवाड़िया को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित मुकाती, उपनिरीक्षक डी. लकड़ा, प्रधान आरक्षक सुधीर यादव तथा आरक्षक रुपेन्द्र सिंह, तेजपाल राणा, अखिलेश भंडारी, अरुण यादव, गोविन्द चन्द्रवंशी, अभिषेक गुप्ता, मनोज दांगी, राहुल वर्मा एवं महिला आरक्षक सुनैना का सराहनीय योगदान रहा।