मनासा। सेवा भारती उपसमिति, मनासा द्वारा संचालित लोकमाता अहिल्याबाई कौशल विकास केंद्र में बैच क्रमांक-5 के प्रशिक्षणार्थियों का प्रमाण-पत्र वितरण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं केंद्र के प्रमुख सहयोगी कमल दुआ ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और सम्मानजनक जीवन की मजबूत नींव है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्राप्त कौशल का सदुपयोग कर स्वरोजगार अपनाने तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षण अवधि के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन, सर्वाधिक उपस्थिति, हनुमान चालीसा कंठस्थ, मंत्र स्मरण, अनुशासन एवं नियमित सहभागिता जैसी विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रशिक्षणार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में केंद्र में संचालित विभिन्न कौशल प्रशिक्षणों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक महिलाओं एवं युवतियों से प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया गया। प्रशिक्षणार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए सेवा भारती एवं केंद्र की प्रशिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा प्राप्त कौशल के माध्यम से स्वावलंबी बनने का संकल्प लिया।
समारोह में सेवा भारती उपसमिति, मनासा के पदाधिकारी, केंद्र की प्रशिक्षिकाएं, मातृशक्ति की बहनें तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रमाण-पत्र प्राप्त प्रशिक्षणार्थियों एवं सम्मानित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की गई।