चीताखेड़ा। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पीठ गांव में रविवार को हादसा हो गया। घटना में 9 वर्षीय मासूम बालिका की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा हैं कि गांव के समीप स्थित दशरथ पाटीदार के कुएं पर बालिका अपने भाई के साथ पानी भरने गई थी। इसी दौरान मृतक बालिका करिश्मा पिता दिनेश मीणा 9 वर्ष का सीढ़ियों से पानी भरते समय पैर फिसल गया और वह कुएं जा गिरी और डूबने से उसकी मौत हो गई।

इस घटना की जानकारी मिलते ही जीरन थाना पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला और पंचनामा बनाकर पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जीरन ले जाया गया। जहां से पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। जिला अस्पताल में परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द कर मर्ग कायम किया और मामला जांच में लिया।