नीमच। छात्र संगठन एबीवीपी से राजनीति की शुरुआत करने वाले मनीष शर्मा को नीमच-मंदसौर-जावरा संसदीय क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता ने मेरा युवा भारत (नेहरू युवा केंद्र), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार में जिला नीमच के सांसद प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किया है। यह नियुक्ति भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा एवं मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू की अनुशंसा पर की गई है।
मनीष शर्मा पिछले 12 वर्षों से छात्र राजनीति में सक्रिय रहे हैं। इसके बाद वे भारतीय जनता पार्टी संगठन से जुड़े और लगातार सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे पूर्व में भाजपा युवा मोर्चा की जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष का दायित्व भी संभाल चुके हैं।
शर्मा की नियुक्ति की जानकारी मिलते ही समर्थकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। छात्र जीवन से ही वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में भी सक्रियता के चलते युवाओं के बीच अपनी पहचान बनाई है।
नियुक्ति पर मनीष शर्मा ने सांसद सुधीर गुप्ता सहित भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व एवं सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।