बड़वानी। शहर कोतवाली पुलिस ने किया वाहन चोरों का खुलासा शौक पूरे करने के लिए करते थे मोबाइल और मोटरसाइकिलों की चोरी पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़कर 11 मोटरसाइकिलें और 16 मोबाइल किए जब्त आरोपी रिमांड पर है।
शहर कोतवाली पुलिस ने पांच वाहन चोरों को पकड़कर 11 मोटरसाइकिलें और 18 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपी नशे के आदी थे और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए मोबाइल और मोटरसाइकिलों की चोरी करते थे। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें दो दिन की रिमांड पर लिया है। बुधवार शाम को कोतवाली पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया। शहर कोतवाली पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से मोबाइल और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं हो रही थी। बढ़ती वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एसपी पुनीत गेहलोद के निर्देशन तथा एएसपी अनिल पाटीदार व एसडीओपी दिनेशसिंह चौहान के मार्गदर्शन तथा कोतवाली टीआई दिनेशसिंह कुशवाह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर बदमाशों की तलाश की गई। टीम ने तकनीकी व वैज्ञानिक तरीके से प्रत्येक वारदात का बारिकी से निरीक्षण किया। पुलिस की जांच- पड़ताल के बीच 14 जुलाई को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि 11 जुलाई को चोरी गई एक टीवीएस कंपनी की जुपिटर स्कूटर को एक दुबला-पतला लड़का कसरावद बसाहट फिल्टर प्लांट के पास बेचने की फिराक में घुम रहा है। इस सूचना के मिलते ही पुलिस टीम ने उक्त संदिग्ध लड़के को एक टीवीएस जुपिटर वाहन के साथ पकड़ा। आरोपी से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम लक्की पिता पवन पंवार निवासी सुखविलास कॉलोनी बड़वानी का होना बताया। वहीं पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में उसने बताया कि उसे और उसके दोस्तों को महंगे शौक व नशे करने की आदत है। शौक पूरे करने के लिए उन लोगों ने चोरी करना शुरू की। उनके द्वारा बड़वानी कस्बे में घुमकर वाहन व मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया जिससे उनके शौक पूरे होते रहे।पूछताछ में लक्की ने अपने साथी विक्की, अमन व साहिल के नाम बताए। लक्की को कोर्ट में पेश कर कोतवाली टीम के द्वारा अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर लक्की के साथियों को पकड़ा गया और चोरी की मोटरसाइकिलें तथा मोबाइल जब्त किए गए। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पूछताछ के लिए न्यायालय द्वारा दो दिन के पुलिस रिमांड पर दिया गया है।