गुना। सावन के महीने में शिव भक्त कांवड़ से जल लेकर आते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इससे भोलेनाथ प्रसन्न होते है. और जातक की समस्त मनोकामना पूर्ण करते हैं। देश में अमन चेन शांति हरियाली खुशहाली की कामना को लेकर हनुमंता दरबार की प्रेरणा से नगर में पहली बार पैदल कावड़ यात्रा का आयोजन हनुमंता परिवार पठार मोहल्ला द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को हनुमंता दरबार की पूजन अर्चन कर कांवड़िए जल लाने के लिए वाहन द्वारा उज्जैन रवाना होगें। रविवार को उज्जैन पहुंचकर भगवान महाकाल का पूजन अर्चन कर मां क्षिप्रा से जल भरकर कांवड़िए पैदल गुना के लिए रवाना होगें। पैदल कांवड़ यात्रा उज्जैन से प्रारंभ होकर मक्सी, शाजापुर, पचोर, ब्यावरा, बीनागंज, रुठियाई होती हुई गुना पहुंचेगी।
यात्रा का जगह जगह स्वागत सत्कार किया जायेगा।कांवड़ यात्रियों द्वारा हनुमंता मंदिर पर स्तिथ पीपल के वृक्ष के नीचे विराजमान प्राचीन भूत भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जायेगा। इसकी तैयारियां चल रही हैं। यात्रा प्रारंभ होने की तिथि तो निर्धारित है यात्रा समापन की तिथि मौसम और समय के हिसाब से निर्धारित की जायेगी। हनुमंता सेवा समिति ने श्रद्धालुओं से पैदल कांवड़ यात्रा में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील शिवभक्तों से की है।