उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में 5 अगस्त को भगवान महाकाल का प्रिय वाद्य यंत्र डमरू को एक साथ 1500 लोग बजाकर विश्व रिकॉर्ड बनाएंगे। इसके लिए गुरुवार को भस्म रमय्या के नाम से डमरू बजाने वाला दल ने प्रेक्टिस शुरू की साथ ही इस दल के द्वारा जो प्रस्तुति दी गई है उसे प्रदेश के डमरू बजाने वाले आमंत्रित अतिथियों को भेजा जा रहा है। ताकि एक जैसी रिदम पर विश्व रिकॉर्ड बनाया जा सके।
उज्जैन में विश्व रिकार्ड बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। महाकाल की नगरी में इस तरह का आयोजन पहली बार बाबा महाकाल की सवारी निकलने के पहले होगा। इसके पहले महाशिवरात्रि पर शिवज्योति अर्पणम् के तहत दीप प्रज्वलित करने का रिकार्ड उज्जैन में बन चुका है। अब सवारी के दौरान 1500 वादक डमरू बजाकर 10 मिनट प्रदर्शन करेंगे। महाकाल लोक के पास शक्ति पथ पर करीब दो दर्जन से अधिक डमरू बजाने वाले पहुंचे और उन्होंने करीब एक घंटे तक प्रेक्टिस की। श्री भस्म रमय्या भक्त मंडल के संस्थापक प्रवीण मादुस्कर ने बताया कि तीन दिन तक रोजाना प्रेक्टिस करेंगे। जिसमें करीब 35 से अधिक डमरू बजाने वाले सदस्य होंगे। हाल ही में हमने साउथ की फिल्म में भी डमरू बजाया है। विश्व रिकॉर्ड के दौरान शिव का प्रिय डमरू भस्म आरती की धून पर बजेगा, इस प्रस्तुति की रिकॉर्डिंग भेजी जायेगी इसी थीम पर सभी डमरू वादक प्रस्तुति देंगे।