नीमच। जिला प्रशासन ने जामा मस्जिद के सामने स्थित जारोली ट्रेड सेंटर पर कार्रवाई की है। गुरुवार को प्रशासन की टीम दलबल के साथ ट्रेड सेंटर पर पहुंची और यहां संचालित दुकान और ऑफिसों को खाली करने का निर्देश दिए। जारोली ट्रेड सेंटर के बेसमेंट में लंबे समय से पानी भरा हुआ था। प्रशासन कई बार इस बारे में ट्रेड सेंटर के बिल्डर को पानी खाली करने के लिए कह चुका है। प्रशासन की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में आज गुरूवार को पूरी बिल्डिंग को सील कर दिया है। इसके साथ ही बेसमेंट से पानी खाली करवाने के बाद बिल्डिंग की जांच इंजीनियरों से करवाकर रिपोर्ट के आधार पर बिल्डिंग को खोला जाएगा। बिल्डिंग में बिल्डर के द्वारा अलग-अलग हिस्सों और दुकानों को अलग-अलग लोगों को बेचा गया है।
वहीं प्रशासन की कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ट्रेड सेंटर मे संचालित ऑफिस और दुकान के संचालक परेशान नजर आए। कई लोग जरूरी सामना निकलते भी नजर आए। कार्रवाई के दौरान एसडीएम ममता खेड़े, तहसीलदार संजीव मालवीय, थाना प्रभारी सौरभ शर्मा सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।