खरगोन। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन से जुड़े चिकित्सकों ने शनिवार को कोलकाता (प. बंगाल) में दुष्कर्म के बाद महिला चिकित्सक की हत्या के विरोध में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। जिला स्तरीय प्रदर्शन में काले रिबन लगाकर रोष जताया। सीएमएचओ कार्यालय परिसर में चिकित्सकों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर अस्पतालों, मेडीकल कॉलेजो ने चिकित्सक प्रोटेक्शन एक्ट की मांग के साथ ही सुरक्षा का इंतजाम करने की मांग रखी। चिकित्सको ने बताया कि कोलकाता में महिला चिकित्सक के साथ हुई बर्बरता ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। इस घटना से चिकित्सक आहत है। डॉ मीनाक्षी सराफ ने कहा यह बर्बरता न केवल एक चिकित्सक बल्कि देश की बेटी के साथ हुई है, इस घटना से न केवल चिकित्सक बल्कि देशव्यापी आंदोलन की दरकार है। निर्भया जैसी इस घटना के खिलाफ सभी को आवाज उठाना होगी। जिससे बेटी, बहन को सम्मान मिले, सुरक्षा मिले, वह खुलकर अपने कार्य क्षेत्र में काम कर सके ऐसा वातावरण देना होगा।