मंदसौर। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्य प्रदेश इकाई ने 24 घंटे के भीतर ताबड़तोड़ तीन बड़ी कार्रवाई करते हुए 191 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) और करीब 54 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। तीन अलग-अलग मामलों में कुल पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।
मंदसौर में 111 ग्राम एमडी बरामद-
पहली कार्रवाई मंदसौर-सितामऊ रोड पर की गई, जहां नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से काले रंग की पॉलीथीन में छिपाकर रखी गई 111 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुई। आरोपी इसे गरोठ क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहा था।
नन्दावता के पास दो तस्कर गिरफ्तार-
दूसरी कार्रवाई नीमच जिले में ग्राम नन्दावता के समीप की गई। प्रतापगढ़ से मंदसौर जा रही एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी लेने पर दो आरोपियों के कब्जे से 80 ग्राम एमडी बरामद हुई। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
53.880 किलो डोडाचूरा के साथ दो आरोपी दबोचे-
तीसरी कार्रवाई सितामऊ के रुपनी-रनायरा मार्ग पर की गई, जहां एक मोटरसाइकिल से 53.880 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (लांस्ड, अनलांस्ड एवं भूसी) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सीबीएन अब गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर ड्रग्स तस्करी के पूरे नेटवर्क की श्बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेजश् खंगाल रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।