मुरैना। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के डॉक्टरों की हड़ताल का असर मुरैना में नहीं दिखा। जिला चिकित्सालय में दोपहर 12 से 1 बजे तक ओपीडी हर दिन की तरह चालू रही। डॉक्टरों ने मरीजों को देखा और उनका इलाज किया।
मध्यप्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ के सचिव और जिला अस्पताल में मौजूद डॉ. ब्रजमोहन शर्मा का कहना है कि जिला अस्पताल मुरैना की ओपीडी को दोपहर 12 से 1 बजे के बीच बंद रखा गया था। दूसरी तरफ शुक्रवार को दोपहर 12से 1बजे के बीच ओपीडी में डॉक्टर मदन मोहन राजोरिया तथा डॉक्टर वीरेंद्र मोंगी ने मरीजों देखना जारी रखा। इसके अलावा अन्य डॉक्टर भी बैठे हुए थे, उन्होंने भी मरीजों की मदद की तथा उन्हें परेशान नहीं होने दिया।
निजी अस्पतालों का मिला-जुला बंद
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने निर्देश दिए थे कि निजी डॉक्टर अपने अस्पताल तथा व्यावसायिक गतिविधियों को शनिवार के दिन सुबह 6रू00 बजे से लेकर रविवार को सुबह 6 बजे तक बंद रखेंगे। हालांकि, मुरैना के गणेशी हॉस्पिटल, मंगल ऑर्थाे हॉस्पिटल सहित एंड हॉस्पिटल खुले रहे। डॉ. इंदु अग्रवाल का हॉस्पिटल बंद रहा। इस प्रकार देखा जाए तो निजी अस्पताल संचालकों ने अपनी चिकित्सा सुविधाओं को बंद नहीं किया।
शाम 6 बजे कैंडल मार्च
शाम 6 बजे सभी शासकीय एवं अशासकीय डॉक्टर मुरैना शहर के अमर शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल संग्रहालय पर एकत्रित होंगे। वहां वह कैंडल मार्च निकालेंगे तथा आगे की रणनीति तैयार करेंगे।