खरगोन। प्रदेश सरकार के गैर मान्यताधारी एवं झोलाछाप चिकित्सको पर कार्रवाई के आदेश ने निजी चिकित्सको की मुसीबतें बढ़ा दी है। आए दिन विभागीय अफसरों के साथ ही पत्रकारों द्वारा क्लिनिको पर पहुंचकर डिग्रीयों मांगी जा रही, इस जांच से नाराज निजी चिकित्सकों ने धरना प्रदर्शन का रुख अख्तियार किया है। मंगलवार को शहरभर के निजी चिकित्सक बिस्टान रोड स्थित मैरेज गार्डन में एकत्रित हुए यहां अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन का आगाज किया। चिकित्सक संतोष यादव ने बताया कि शासन के आदेश का दुरुपयोग करते हुए कई लोग रजिस्टर्ड चिकित्सको को भी परेशान कर रहे है। आए दिन स्वास्थ्य विभाग के अमले सहित कई तथाकथित पत्रकार भी आकर जांच के नाम पर डिग्री एवं मान्यता के दस्तावेजों की मांग करते है, जिससे चिकित्सक को परेशान होना पड़ता है। इस परेशानी से तंग आकर चिकित्सको ने अनिश्चितकाल के लिए क्लिनिक बंद कर धरना प्रदर्शन का रुख अख्तियार किया है। हमारी मांग है कि रजिस्टर्ड चिकित्सको को जांच के नाम पर परेशान न किया जाए।