मंदसौर। जिले के भावगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गुराड़िया लालमुहा में खेत की मेड़ को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गुरुवार शाम 42 वर्षीय सुरेश पिता उमेंद्रराम सूर्यवंशी की फावड़े और पत्थरों से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाए गए सुरेश की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर तीन आरोपियों के विरुद्ध हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक सुरेश गुरुवार शाम अपने बड़े पापा के घर गया था। इसी दौरान उसके अन्य बड़े पापा के बेटे कंवरलाल, कंवरलाल के पुत्र अजयपाल तथा उसकी पत्नी सुगनबाई ने उसे घर के बाहर बुलाया और उस पर लोहे के फावड़े एवं पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में सुरेश के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
ग्रामीणों की सहायता से घायल सुरेश को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई जुझार लाल ने बताया कि खेत की मेड़ को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले दो-तीन वर्षों से विवाद चल रहा था। पूर्व में भी इस बात को लेकर विवाद हो चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पहले फावड़े से सुरेश के सिर पर वार किया और जमीन पर गिरने के बाद बड़े पत्थरों से हमला कर दिया। साथ ही आरोपियों द्वारा पूर्व में परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
घटना के समय जुझार लाल मजदूरी करने गया हुआ था। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा, जहां सुरेश गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। घटना के बाद जिला अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
भावगढ़ थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर कंवरलाल, अजयपाल एवं सुगनबाई के विरुद्ध हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।