नीमच। शहर के पुराने नगर पालिका परिसर स्थित सभाकक्ष में शनिवार को नगर निगम संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले जिले के कई नगर निकायों के संविदा कर्मचारी एकजुट हुए। यहां नगरीय निकाय में संविदा नियुक्ति पर कार्यरत कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। जिसमें शामिल होने नगरी निकाय संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश राठौड़ भी पहुंचे।
बैठक में सभी कर्मचारियों ने बताया कि हमें संविदा पद पर रखा गया है, पर वेतन नाम मात्र का दिया जा रहा है। जिससे हमें अपने परिवार का पालन पोषण करने में आर्थिक रूप से परेशानी का सामना करना पड़ता है। पूर्व में मध्य प्रदेश सरकार ने संविदा कर्मचारियों के लिए आदेश जारी किया गया था। जिसमें बताया गया था कि जो कर्मचारी जिस पद पर रहकर कार्य करेगा उसे उसी हिसाब से वेतन दिया जाएगा। मगर अबतक आदेश लागू नहीं किया गया।
कर्मचारियों की मांग है कि संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाए या वेतनमान बढ़ाया जाए। ताकि कर्मचारियों को होने वाली आर्थिक परेशानी से निजात मिल सके। वहीं संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने चर्चा के दौरान बताया कि संविदा कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत करवाया है। जिसे भोपाल में मध्य प्रदेश सरकार को अवगत करवाया जाएगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रदेश सरकार उनकी मांगों का निराकरण नहीं करती है तो आगे वो आंदोलन करेंगे।