भोपाल। श्रेणी-2 के अतिशेष शिक्षकों (उच्च श्रेणी शिक्षक और माध्यमिक शिक्षक) की शिक्षक विहीन स्कूलों में पदस्थापना के लिए आज (रविवार) को प्रदेश के सभी जिलों में काउंसिलिंग की जा रही है। काउंसिलिंग की निगरानी के लिए लोक शिक्षण संचालनालय स्तर पर समिति गठित की गई है, जो ऑनलाइन सभी जिलों पर नजर रखेगी।
अपर संचालक कामना आचार्य की अध्यक्षता में गठित इस समिति में अपर संचालक आरके सिंह, संयुक्त संचालक आलोक खरे सदस्य, संबंधित शाखा के संयुक्त संचालक एवं उप संचालक सदस्य सचिव और संचालनालय की आईटी शाखा के सहायक संचालक सदस्य बनाए गए हैं। इसके अलावा सभी जिलों में काउंसिलंग के लिए एक-एक पर्यवेक्षक भी नियुक्त किया गया है। जिनकी देखरेख में काउंसिलिंग की जा रही है।
शिक्षक खुश नहीं
उधर, शिक्षक संगठन अतिशेष शिक्षकों की काउंसिलिंग से खुश नहीं हैं। वे इस काउंसिलिंग को स्थगित करने की मांग कर रहे हैं। संगठनों का कहना है कि अतिशेष की सूची में कई विसंगतियां हैं। उन्हें ठीक किए बगैर काउंसिलिंग किया जाना उचित नहीं होगा। हालांकि स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने शिक्षकों के विरोध पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है और घोषित कार्यक्रम के अनुसार सभी जिलों में काउंसिलिंग की जा रही है।